योगी आदित्यनाथ का बड़ा ऐलान, अब यूपी के हर स्कूल में होगा वंदे मातरम का गायन
- Shubhangi Pandey
- 10 Nov 2025 06:06:01 PM
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से राष्ट्रीय एकता पदयात्रा की शुरुआत करते हुए एक बड़ा फैसला सुनाया है। उन्होंने घोषणा की है कि अब उत्तर प्रदेश के सभी स्कूलों में वंदे मातरम का गायन राष्ट्रगान की तरह अनिवार्य होगा। योगी ने कहा कि वंदे मातरम सिर्फ एक गीत नहीं बल्कि भारत की एकता और अखंडता का प्रतीक है। इस गीत से पूरे देश में एकता का संदेश फैलता है।
योगी बोले- अगर जिन्ना पैदा हुआ तो उसे दफन कर देंगे
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि अगर देश की अखंडता को नुकसान पहुंचाने के लिए कोई जिन्ना जैसी सोच वाला व्यक्ति पैदा होता है तो उसे दफन कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज भारत को फिर से जाति, भाषा और धर्म के नाम पर बांटने की कोशिशें हो रही हैं, लेकिन हमें सतर्क रहना होगा। राष्ट्र से बड़ा कोई धर्म या मत नहीं हो सकता।
वंदे मातरम पर सियासत गर्म
दरअसल हाल ही में समाजवादी पार्टी के सांसद बर्क ने वंदे मातरम का विरोध करते हुए कहा था कि ये उनके मजहब के खिलाफ है। इसके बाद ये मुद्दा फिर से चर्चा में आ गया। अब योगी आदित्यनाथ ने इसे लेकर बड़ा कदम उठाते हुए साफ कहा कि वंदे मातरम का गायन प्रदेश के हर स्कूल में जरूरी होगा ताकि आने वाली पीढ़ी देश की एकता और सम्मान को समझ सके।
सरदार पटेल को किया नमन
मुख्यमंत्री ने इस दौरान लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की सभी रियासतों को एक सूत्र में बांधकर भारत को मजबूत बनाया। अगर वो न होते तो आज देश इतने मजबूत रूप में खड़ा नहीं होता। योगी ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें बताता है कि जब देश एकजुट होता है तो कोई ताकत उसे तोड़ नहीं सकती।
पूरे प्रदेश में निकली “राष्ट्रीय एकता पदयात्रा”
सरदार पटेल की जयंती के मौके पर बीजेपी ने पूरे प्रदेश में राष्ट्रीय एकता पदयात्रा शुरू की है। हर विधानसभा क्षेत्र में 8 किलोमीटर लंबी ये यात्रा निकाली जाएगी जिसमें पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भाग लेंगे। गोरखपुर से इसकी शुरुआत खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की। योगी ने कहा कि वंदे मातरम वो गीत है जिसने आजादी की लड़ाई में देशवासियों के दिलों में जोश और आत्मगौरव की भावना जगाई थी। आज फिर जरूरत है कि बच्चे-बच्चे की जुबान पर वंदे मातरम गूंजे ताकि भारत की एकता और शक्ति की पहचान बनी रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



